पैमाइश करने गई राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम बैरंग लौटी
सिकरारा। थाना क्षेत्र के लखेसर गांव में भूमि पैमाइश के लिए रविवार को पहुंची राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बिना कार्रवाई किए वापस लौट गई। बताया जाता है कि गांव निवासी चंद्रप्रकाश दुबे ने समाधान दिवस में भूमि की पैमाइश कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। इसके बाद थाना प्रभारी विश्वनाथ प्रताप सिंह तथा राजस्व विभाग के नायब तहसीलदार की मौजूदगी में दोनों पक्ष पैमाइश के लिए सहमत हो गए थे।
रविवार को जब राजस्व टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची तो 23 जुलाई तक संबंधित वाद में स्थगन (स्टे) आदेश होने की जानकारी मिली। इसके चलते टीम ने पैमाइश की कार्रवाई स्थगित कर दी और बैरंग लौट गई। अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में फिलहाल पैमाइश नहीं की जा सकती। स्टे समाप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
