जौनपुर। सिकरारा थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। बक्शा थाना क्षेत्र के डीहजहानिया (फतेहगंज) गांव की रहने वाली श्वेता प्रजापति (19 वर्ष) पुत्री मुन्नालाल प्रजापति ने कथित रूप से अज्ञात कारणों से बरगुदर पुल से सई नदी में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय गोताखोर और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। करीब ढाई घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद छात्रा का शव नदी से बरामद कर लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बरगुदर पुल पर एक साइकिल और चप्पल लावारिस हालत में पड़ी मिली। इससे आशंका जताई गई कि युवती इन्हें वहीं छोड़कर नदी में कूद गई। सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही सिकरारा थानाध्यक्ष विश्वनाथ प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं खोज अभियान शुरू कराया। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस ने नदी के दोनों किनारों पर भी तलाशी अभियान चलाया। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद छात्रा का शव नदी से बाहर निकाला गया।
मौके पर ग्राम प्रधान जितेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और खोज अभियान में प्रशासन का सहयोग किया। शव मिलने के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
बताया जा रहा है कि श्वेता प्रजापति बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह किसी पारिवारिक बात से नाराज थी। उसके चाचा महेंद्र प्रजापति ने बताया कि इसी नाराजगी के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
घटना बरगुदर पुलिस बूथ से लगभग 250 मीटर दूर सई नदी के पुल पर हुई। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि घटना को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखें।
