सिकरारा
पुलिस की ड्यूटी आमतौर पर अपराध और असामाजिक तत्वों से जनता की सुरक्षा के लिए मानी जाती है, लेकिन सिकरारा पुलिस ने इससे इतर एक ऐसा कार्य किया है, जिसकी क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है। पुलिसकर्मियों ने एक गरीब परिवार के घर में घुसे विषैले सांप को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर रेस्क्यू किया और परिवार को राहत पहुंचाई।
मामला क्षेत्र के ग्राम सभा कुरनी का है। बताया जाता है कि गांव में एक गरीब परिवार के घर में अचानक विषैला सांप दिखाई देने से परिजनों में हड़कंप मच गया। परिवार ने सांप पकड़ने वाले व्यक्ति को सूचना देने के साथ ही डायल-112 पर भी फोन कर मदद मांगी। सूचना मिलते ही सिकरारा थाने की डायल-112 टीम में तैनात सिपाही इमरान खान अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंच गए।पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए सांप को पकड़कर बोरी में सुरक्षित किया। इसके बाद टीम ने उसे गोसाईगंज-बरगुदर पुल के पास स्थित जंगल में ले जाकर रेस्क्यू कर दिया। सांप के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद परिवार ने राहत की सांस ली। मीडिया कर्मियों से बातचीत में सिपाही इमरान खान ने बताया कि जिस परिवार के घर सांप निकला था, वह बेहद गरीब था। सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और सांप को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया गया। उन्होंने बताया कि सांप पकड़ने की कोई विशेष ट्रेनिंग उन्होंने नहीं ली है, लेकिन जरूरत पड़ने पर जनता की मदद के लिए वह यह कार्य कर लेते हैं सिकरारा पुलिस के इस मानवीय प्रयास की क्षेत्र में चर्चा हो रही है। लोगों का कहना है कि पुलिस ने यह साबित किया है कि जनता की सुरक्षा केवल अपराधियों से ही नहीं, बल्कि आपात स्थिति में किसी भी खतरे से करना उसकी जिम्मेदारी है।
