*जौनपुर।* सिकरारा थाना क्षेत्र के प्रतापगंज के पास रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक 26 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार मामा का लड़का गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया।
मृतक की पहचान अनु (26) पुत्र ओमप्रकाश, निवासी अरुवावा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार अनु अपने मामा के लड़के अंश कुमार पुत्र राजनाथ के साथ बाइक से बाजार बाजा (वाद्य यंत्र) बनवाने गए थे। दोनों काम पूरा कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान प्रतापगंज के पास पीछे से आए एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि अनु गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अंश कुमार का पैर फ्रैक्चर हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस की मदद से दोनों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने अनु को मृत घोषित कर दिया। अंश कुमार का उपचार जारी है।
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर सिकरारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
