तेजीबाजार -(जौनपुर)--
क्षेत्र के चितौड़ी गांव की ब्राह्मण बस्ती में एक सप्ताह से जला हुआ 100 केवीए का ट्रांसफार्मर बदल दिया गया है। बिजली विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया, जिससे करीब 150 घरों में बिजली आपूर्ति बहाल हो गई।
ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण पिछले एक सप्ताह से गांव में अंधेरा छाया हुआ था। उमस भरी गर्मी में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जिससे उनका जीवन बेहाल हो गया था। चितौड़ी गांव के रोजगार सेवक और समाजसेवी सचिन पांडेय ने बताया कि उन्होंने गांव के कुछ विशिष्ट व्यक्तियों, जिनमें शिवप्रसाद पांडेय, सत्य प्रकाश उर्फ कल्लू पांडेय, संजय सिंह उर्फ कल्लू और पूर्व प्रधान सूर्य प्रकाश सरोज बाला शामिल थे, के साथ बिजली विभाग के एक्सियन से मुलाकात की थी।
इस मुलाकात के दौरान ग्रामीणों ने जले हुए ट्रांसफार्मर को बदलने का अनुरोध किया था। बिजली विभाग ने इस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए 24 घंटे के भीतर ही जले हुए ट्रांसफार्मर को हटवाकर नया ट्रांसफार्मर लगवा दिया।ट्रांसफार्मर बदलने के बाद गांव वालों ने बिजली विभाग के एक्सियन का धन्यवाद किया। नए ट्रांसफार्मर के लगने से अब ग्रामीणों को काफी सुविधा मिल गई है।

